रिम्स में इलाजरत पत्रकार बैजनाथ की मौत, 10 सितंबर को हुआ था जानलेवा हमला..

रांचीः रिम्स में इलाजरत पत्रकार बैजनाथ की आज सुबह मौत हो गई। बता दें कि 11 सितंबर की रात को रांची सदर थाना क्षेत्र के तिरिल बस्ती में अपराधियों ने पत्रकार बैजनाथ महतो पर हत्या की नीयत से जानलेवा हमला किया था। बैजनाथ तिरिल तालाब के पास मरनासन्न अवस्था में पड़े हुए थे। पीसीआर टीम की नजर उन पर पड़ी तो उठाकर रिम्स में भर्ती कराया। उनके गर्दन और सिर पर घातक हथियार से प्रहार के निशान पाए गए थे। उन्‍हें रिम्स के न्यूरो वार्ड के आइसीयू में भर्ती किया गया था। चिकित्सकों के अनुसार बैजनाथ की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई थी। हलांकि इस मामले मन पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

पिछले दिनों रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर गठित एसआईटी की टीम ने मुख्य आरोपी बेंगा उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया था। रांची पुलिस ने उसे बिहार के गया से गिरफ्तार किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की टीम ने राज्य के बाहर अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर रही थी। इसके अलावा रांची में भी लगातार छापेमारी की गई। इसके अलावा आरोपी की सूचना देने वाले को रांची पुलिस ने 25 हजार रुपये देने की घोषणा भी की थी।

वहीं इस घटना के बाद रांची प्रेस क्लब समेत कई मीडिया हाउस के लोगों ने झारखंड के डीजीपी और मुख्य सचिव से मुलाकात कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। दूसरी तरफ पत्रकार पर हमले मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में प्रेस क्लब में कई मीडिया कर्मियों ने आमरण अनशन भी किया था।