झारखंड में अगले 96 घंटे तक छाए रहेंगे बादल, तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश..

झारखंड में राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में अगले 96 घंटे तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 9 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। जिसके बाद अगले छह दिनों तक अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री तक रह सकता है।

वहीं बात करें पिछले 24 घंटे की तो राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में आद्रता की मात्रा अधिकतम 50 फीसद तथा न्यूनतम 20 फीसद दर्ज की गई।मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अनुमान के अनुसार आगामी 11 से 12 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहेंगे।

ऐसे मौसम में रखें अपना खास ख्याल

मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन का सीधा असर हमारे सेहत पर पड़ता है। तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। धूप के साथ-साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।चिकित्सकों की मानें तो ऐसे में लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की आवश्यकता है। थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती हैं। इस दौरान खान-पान का विशेष ध्यान रखें। बाहर की चीजें खाने से परहेज करें। बच्चों और वृद्ध लोगों की देखभाल में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।