झारखंड मौसम अपडेट: रांची में झमाझम बारिश, कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश ने शहर को भिगो दिया। इस बारिश से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। रांची का मौसम अब ठंडा और सुहावना हो गया है।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि झारखंड के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में मौसम फिर से बदल सकता है। गुमला, लातेहार, पलामू, चतरा और लोहरदगा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही वज्रपात (आकाशीय बिजली) की भी चेतावनी जारी की गई है।

पांच जून तक बारिश के आसार

आईएमडी ने बताया है कि झारखंड में 5 जून तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 31 मई को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बोकारो और सरायकेला-खरसावां में ऑरेंज अलर्ट

बोकारो और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों में इन जिलों में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ जोरदार बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने इन जिलों के निवासियों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही बिजली के खंभों, पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×