झारखंड में बरसी आग; 47°C के पार तापमान, ऑरेंज अलर्ट..

रांचीः झारखंड में दिनोंदिन गर्मी बढ़ती जा रही है। कोल्हान में लू का कहर जारी है। बहरागोड़ा का अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार गया है। अगले तीन दिनों में और तापमान बढ़ेगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने हिदायत देते कहा कि दिन में तीन बजे तक धूप में न निकलें। अगर निकलना है तो सिर पर टोपी और शरीर को ढक कर ही निकलें।

उन्होंने कहा कि राजधानी समेत राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट भी हो सकती है। बताया कि 3 और 4 मई को राजधानी व आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा।

दुमका में कंट्रोल रूम के पास लू लगने से युवक की मौत
इधर खबर है की दुमका बस स्टैंड के समीप स्थित कंट्रोल रूम के पास लू लगने से एक युवक की मौत हो गयी। वहीं दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। लू की चपेट में आने से मंगलवार को दो युवक बेहोश हो कर सड़क किनारे गिर गये। कुछ लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना को दी।

3 मई से मिल सकती है कुछ राहत
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 3 और 4 मई को राजधानी व आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। पांच और छह मई को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। जिसके बाद गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। वहीं सरायकेला खरसावां, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम जिला में कहीं कहीं हीट-वेव का सर्वाधिक असर देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री बोकारो थर्मल का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम 40.1 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।