झारखंड में 11 जून तक सताएगी गर्मी, 18 जून को मानसून की दस्तक..

गर्मी से अब बहुत जल्द राहत मिलेगी। मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आठ से 10 दिन बाद झारखंड में भी मानसून प्रेवश कर जायेगा। मानसून के आने से गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में 18 जून को मानसून दस्तक देगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है, राज्य में मानसून के प्रवेश करने से पहले तक अभी गर्मी परेशान करेगी। 11 जून के बाद थोड़ी राहत मिलेगी। दोपहर के बाद कई जगहों पर बादल नजर आयेंगे। केरल में मानसून 26 मई से 1 जून तक प्रवेश करता है, लेकिन इस बार केरल तट पहुंचने में मानसून को देरी हुई है इसका असर पूरे देश में पड़ा है। झारखंड में मानसून तीन दिनों के बाद दस्तक दे रहा है। सामान्य तौर पर झारखंड में 10 से 15 जून तक मानसून के प्रवेश करने का समय होता है।

अभी जारी है लू का अलर्ट..
झारखंड के कई जिलों में अभी गर्मी सता रही है। कई जिलों का तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, नौ से 12 जून तक राज्य में लू चलने की संभावना है तापमान में भी बढ़त दर्ज की जा रही है पूर्वोत्तर भाग संताल परगना में सबसे पहले मौसम में बदलाव का असर नजर आयेगा। इन इलाकों में 11 तारीख के बाद आसमान में बादल नजर आ सकते हैं। झारखंड में 11 जून तक लू का अलर्ट था, लेकिन मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 12 जून को भी पूरे राज्य में लू चलेगी. ऐसे में 9 से लेकर 12 जून के लिए विभाग ने पूरे झारखंड में लू का अलर्ट जारी किया है.

कैसा है अभी तापमान..
झारखंड में फिलहाल सबसे ज्यादा गर्मी संताल में पड़ रही है। गुरुवार को गोड्डा का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीनगर का तापमान 43.4 और जमशेदपुर का 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान केवल पाकुड़ में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। जमशेदपुर और डाल्टेनगंज का पारा चढ़ गया है. जमशेदपुर का तापमान 2.3 डिग्री बढ़कर 43.6 डिग्री हो गया, जबकि डाल्टेनगंज का उच्चतम तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 43.4 डिग्री हो गया. जमशेदपुर का उच्चतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है, जबकि रांची और डाल्टेनगंज का 3.5-3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।