स्मार्ट शहर बनाने के मिशन में झारखंड देश में अव्वल, सीएम ने जताई खुशी..

झारखंड में स्मार्ट शहर बनाने का मिशन देश में अव्वल है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा रैंकिंग से इसका पता चलता है। इसमें झारखंड पहले नंबर पर है। ये रैंकिग योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति के आधार पर जारी हुई है। देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 100 शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन की योजनाएं चल रही है। इसमें पड़ोसी राज्य बिहार 27वें नंबर पर है। बता दें की स्मार्ट सिटी रैंकिंग में झारखंड 2018 में भी टॉप पर आ चुका है। वहीं शहरों की रैंकिंग में रांची 12वें नंबर पर है। देश की राजधानी दिल्ली भी इससे केवल एक पायदान ऊपर 11वें नंबर पर है। नई दिल्ली नगर निगम 41वें और बिहार की राजधानी पटना 68वें स्थान पर है।

रियल टाइम जारी की जा रही है रैंकिंग..
इससे पहले स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से एक महीने/पखवाड़ा/सप्ताह में रैंकिंग जारी करने की व्यवस्था थी। पर अब ये रैंकिंग हर समय ऑनलाइन प्रक्रिया से अपडेट किया जाता है। इस रैंकिंग में स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति को आधार बनाया जाता है।

656 एकड़ में रांची स्मार्ट सिटी का हो रहा है निर्माण..
रांची में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना धुर्वा क्षेत्र में 656 एकड़ जमीन पर नई नगरी को बसाने की परियोजना चल रही है। यहां दुनिया के अत्याधुनिक शहरों के स्तर का इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रस्तावित है। इसे प्राइवेट पार्टनर के सहयोग से विकसित किया जाएगा। यहां सड़क,पेयजल संरचना,बिजली संरचना ,ड्रेनेज, सीवरेज,साइकिल लेन,पैदल पाथ इत्यादि का विकास अंतिम दौर में है। आवासीय,व्यावसायिक,शैक्षणिक,मिक्स यूज,स्वास्थ्य, हॉस्पिटलिटी के क्षेत्र में विकास के लिए चिन्हित प्लॉट्स की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है।

पिछले दिनों अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरा के दौरान केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने भी रांची स्मार्ट सिटी की योजनाओं की समीक्षा और भौतिक निरीक्षण के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि यह शहर झारखंड और आसपास के राज्यों के लिए मॉडल सिटी के रूप में काम करेगा। केन्द्र सरकार द्वारा जारी रीयल टाइम रैंकिंग में रांची और झारखंड को मिली बढ़त को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे नें भी खुशी जाहिर करते हुए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन को बधाई दी है ।