Headlines

तेज धूप से झुलसा झारखंड, 22 मार्च तक बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार

रांची:  झारखंड में भीषण गर्मी का कहर जारी है, लेकिन राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने राज्य में बदलाव की संभावना जताई है। बीते रविवार को बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। राजधानी रांची में भी चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर तक गर्मी का प्रकोप रहा, लेकिन शाम तीन बजे के बाद बादल छा जाने से कुछ राहत महसूस हुई।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक था। वहीं, रांची में 37 डिग्री, जमशेदपुर में 40 डिग्री, डालटनगंज में 40.7 डिग्री और बोकारो थर्मल में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हीट वेव का असर जारी

रविवार को जमशेदपुर, चाईबासा, डालटनगंज और बोकारो थर्मल में हीट वेव की स्थिति देखी गई। भीषण गर्मी के चलते लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

17 मार्च से बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 17-18 मार्च से राज्य के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल छाने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।

किन जिलों में होगी बारिश?

  • 17 मार्च: गढ़वा, पलामू, लातेहार, देवघर, दुमका और जामताड़ा
  • 19-20 मार्च: रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां
  • 21-22 मार्च: पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम

तेज हवाओं से उड़ सकती है धूल

सोमवार को झारखंड के कई जिलों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इससे धूल उड़ने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गर्मी से बचाव के उपाय

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के लिए छाता या टोपी का उपयोग करने की हिदायत दी गई है। झारखंड के लोग अब गर्मी से राहत की उम्मीद कर सकते हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×