राज्यपाल ने दुमका गैंगरेप के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दिया निर्देश..

झारखंड में बलात्कार के बढ़ते वारदातों के मद्देनजर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आज राज्य में प्रभारी पुलिस महानिदेशक एमवी राव को राज भवन तलब किया। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य की विधि-व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने राज्य में हो रहे बलात्कार की घटना पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इस प्रकार का भयमुक्त वातावरण हो कि सभी लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल से दस दिसम्बर को पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से दुमका में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से संबंधित ज्ञापन सौंप कर दोषियों के विरूद्ध शीघ्र कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आग्रह किया था। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने प्रभारी डीजीपी से दुमका सहित बलात्कार की अन्य वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जानकारी भी हासिल की। राज्यपाल ने कहा कि अपराध बढ़ने से राज्य की छवि पर असर पड़ता है।

बता दें कि दुमका में पिछले सप्‍ताह अपने पति के साथ बाजार से वापस घर जा रही एक आदिवासी महिला से 17 युवकों ने सामूहिक दुष्‍कर्म किया था। महिला अपने पति के साथ बाजार करके घर जा रही है। शाम में शराब के नशे में धुत युवकों ने महिला के पति को रस्‍सी से बांध दिया और महिला को झाड़ी में ले गए। इसके बाद उसके साथ बारी-बारी दुष्‍कर्म किया।