झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू का बड़ा बयान: भाजपा के लिए काम कर रहे कई कांग्रेसी नेता

दुमका: झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू ने रविवार को दुमका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई नेता और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे नेताओं की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि झारखंड के 24 में से 18 जिलों में संगठनात्मक बैठकें और समीक्षाएं पूरी कर ली गई हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर यह जानकारी सामने आई है।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

भाजपा पर साधा निशाना

राजू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा “कांग्रेस मुक्त भारत” की बात करती है और इसी मकसद से कांग्रेस में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी को मिले इनपुट्स को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी गहन जांच की जाएगी। जिन नेताओं पर संदेह है, उन्हें पहले शो-कॉज नोटिस भेजा जाएगा, और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

झारखंड में कांग्रेस को मजबूत करने की योजना

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि वे झारखंड में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए लगातार दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

महिला और युवा नेताओं को आगे लाने पर जोर

उन्होंने बताया कि आगामी चुनावों में महिला आरक्षण लागू हो जाएगा, इसलिए पार्टी महिला और युवा नेताओं को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है। साथ ही, झारखंड में रिक्त बोर्ड और निगम पदों पर योग्य और जमीनी कार्यकर्ताओं को स्थान देने पर भी मंथन किया जा रहा है।

पार्टी संगठन को मजबूत करने पर फोकस

राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों—दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक—को साथ लेकर चलेगी। पार्टी की प्राथमिकता ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की होगी जो वास्तविक रूप से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, न कि केवल नेताओं की परिक्रमा करने वालों को।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, प्रदीप यादव, प्रदेश प्रवक्ता श्यामल किशोर सिंह, पूर्व मंत्री बादल, जिला अध्यक्ष महेश राम और महासचिव संजीत सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×