देवघर के सौरदीप ने JEE Advanced की परीक्षा में लहराया परचम, 120वें रैंक के साथ बने स्टेट टॉपर..

आईआईटी ने सोमवार को जेईई-एडवांस के परिणामों की घोषणा कर दी। देवघर के सौरदीप दास ने इस परीक्षा में 120वां रैंक हासिल किया है और इसी के साथ वो झारखंड स्टेट टॉपर बने हैं। धनबाद की अनुष्का 177वें रैंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि 259 रैंक के साथ रांची के दयाल कुमार तीसरे स्थान पर रहे। देश भर के अलग-अलग हिस्सों में जेईई-एडवांस परीक्षा 27 सितंबर को हुई थी। नतीजे घोषित होने के बाद 6 अक्टूबर से दाखिला शुरू हो गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने ट्वीट कर सभी सफल छात्रों को बधाई दी| उन्होंने लिखा- जेईई में इच्छित रैंक पानेवाले सभी छात्रों को बधाई देता हूं।

धनबाद का नाम रोशन करनेवाली अनुष्का को जेईई की परीक्षा में फिजिक्स में 89, केमिस्ट्री 80 व गणित 96 यानी कुल 265 अंक मिले है। झारूडीह स्थित अम्रपाली अपार्टमेंट में रहने वाली अनुष्का ने जेइइ मेंस (JEE Mains 2020) में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था| अनुष्का को ये सफलता पहले प्रयास में ही मिली है| जेइइ की जनवरी और सितंबर की परीक्षा में अनुष्का ने 99.97 परसेंटाइल अंक हासिल किया था| दोनों बार उन्होंने जिले के साथ स्टेट में भी टॉप-5 में जगह बनायी थी| धनबाद के दून पब्लिक स्कूल (सीबीएसई) से इसी वर्ष उन्होंने 96.7 प्रतिशत अंक के साथ 12वीं की परीक्षा पास की है| कॉर्मेल स्कूल (आईसीएसई) से 10वीं में 98.8 प्रतिशत अंक मिले थे| जिसमें वो पूरे राज्य में दूसरे नंबर पर थी|

अनुष्का ने बताया कि उन्होंने 10वीं के बाद कोटा से जेइइ की तैयारी की थी| लॉकडाउन के दौरान उन्हें सेल्फ स्टडी का बेहतर मौका मिला| कोटा से वापस आने के बाद वो लगातार टेस्ट सीरीज की प्रैक्टिस करती रही | जिसका लाभ उन्हें जेइइ मेंस और एडवांस दोनों परीक्षा में मिला| वो रोजाना करीब 12-14 घंटे पढ़ाई करती हैं| हालांकि उन्हें देर रात तक पढ़ना पसंद नहीं है इसलिए सुबह जल्दी उठकर वो पढ़ाई करती हैं|

अनुष्का ने बताया कि उन्हें संगीत सुनना पसंद है जबकि सोशल मीडिया से वो पूरी तरह से दूर है| सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर उनका कोई अकाउंट नहीं है| उनके पिता श्रीनारायण सिंह एलआइसी अधिकारी हैं, जबकि मां पामेला सिंह गृहिणी हैं| अनुष्का की बड़ी बहन आयुषी एनआइटी जमशेदपुर से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही है|

अनुष्का आइआइटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई करना चाहती हैं| उन्हें उम्मीद है कि इस रैंक के आधार पर उन्हें वहां अपनी पसंद का ब्रांच जरूर मिल जायेगा| आगे चलकर वो सिविल सेवा में जाना चाहती है| अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और बहन के साथ-साथ अपने स्कूल के शिक्षक अजय वीर सिंह को दिया है|

अपने जूनियर को टिप्स देते हुए अनुष्का ने कहा कि अगले दिन क्या पढ़ाई करनी है इसकी प्लानिंग एक दिन पहले कर लें| इससे संबंधित टॉपिक पर अधिक फोकस करने में सहूलियत होती है| किसी भी परीक्षा की तैयारी का ये एक बेहतर तरीका है|