जमशेदपुर की चेस खिलाड़ी अलदा दास की बेटी ने एशियन स्कूल चैंपियनशिप के टॉप 5 में बनाई जगह..

जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर की रहने वाली शतरंज खिलाड़ी दीशिता डे ने एशियन स्कूल चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाइ कर ली है। दिशिता ने ऑनलाइन अंडर-7 नेशनल स्कूल चेस चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप-5 में अपनी जगह पक्की बना ली है।

दीशिता ने कुल नौ राउंड में सात अंक हासिल की। वह कांस्य पदक के लिए मात्र दो टाइ ब्रेक अंक से चूक गई। अंडर-7 बालिका वर्ग की विजेता कर्नाटक की चारवी रही। वहीं तेलंगाना की समिष्ठा दूसरे स्थान पर रही। महाराष्ट्र की इरा बोहरा तीसरे स्थान पर रही। दीशिता ने अपने दमदार प्रदर्शन के आधार पर अंडर-7 एशियन स्कूल चेस चैंपियनशिप में जगह पक्की की।

बता दें कि दीशिता झारखंड की पूर्व चैंपियन खिलाड़ी अलदा दास की बेटी है। अलदा दास एक बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं। उन्हीं से दीशिता चेस के गुण सीख रही है। पिछले सात दिनों में शहर के अधिराज मित्रा, सौर्यदीप्त सरकार, दीशिता और वत्सल सिंघानिया ने जिले और राज्य का नाम चेस की दुनिया में रोशन किया है। वत्सल सिंघानिया ने सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आइएम नॉर्म हासिल किया है। वहीं अधिराज मित्रा अंडर-9 स्कूल नेशनल चैंपियन बने। जबकि सौर्यदीप्त सरकार ने रैपिड कैडेट विश्वकप चेस प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाइ किया है।