15 से 17 अप्रैल तक राज्य में तेज़ हवाओ के साथ भारी बारिश के आसार..

झारखंड के मौसम एक बार फिर तब्दीली आने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है जिसके अनुसार 15 अप्रैल से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 17 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश एवं तेज़ हवाओं के चलने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक 13 और 14 अप्रैल को राज्य में मौसम साफ रहेगा। वहीं 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हज़ारीबाग़ और खूंटी में बादल और भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए कहा कि 15 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इन जिलों में सरायकेला, खरसावां, जमशेदपुर एवं चाईबासा शामिल हैं। वहीं 16 और 17 अप्रैल को राज्य के अन्य हिस्सों में भी समान स्थिति रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक तापमान में बड़ी तब्दीली की भी आशंका है। साथ ही 17 अप्रैल के बाद तीन दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को पुनः गर्मी का एहसास होगी। इसके अलावा 13 से 15 अप्रैल तक राज्य का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।