झारखंड में झमाझम बारिश का दौर जारी, 23 मार्च तक राहत की उम्मीद नहीं

रांची: झारखंड के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। बीते गुरुवार से राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, वज्रपात, गर्जन, ओलावृष्टि और बारिश का सिलसिला जारी है। गढ़वा, पलामू, और धनबाद में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई थी, जबकि हजारीबाग, देवघर, गिरिडीह, खूंटी, लोहरदगा और गुमला में दोपहर बाद बारिश हुई। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि यह बारिश 23 मार्च तक जारी रहेगी। यानी शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

23 मार्च तक बारिश की संभावना

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा और उत्तर भारत की हवाओं के मिलन से राज्य में बारिश हो रही है। इस कारण 21, 22 और 23 मार्च को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। राजधानी रांची समेत गुमला, सिमडेगा और आसपास के इलाकों में गर्जन और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, लातेहार, पलामू और गढ़वा के कई हिस्सों में वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।

तापमान में आई गिरावट

लगातार हो रही बारिश और बदलते मौसम के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। देवघर में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया है, जबकि रांची में भी 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मार्च से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।

ऑरेंज अलर्ट जारी, सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने झारखंड में हो रही बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्यभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वज्रपात और भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए लोगों को जर्जर मकानों में नहीं रहने, खेतों में न जाने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही, बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने की आवश्यकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×