राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू अपने गृह रवाना, दी गई भावभीनी विदाई..

रांची: राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड से अपने पैतृक आवास रायरंगपुर (ओड़िसा) के लिए रवाना हुईं। उन्हें विदा करने खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सपरिवार एयरपोर्ट पहुंचे थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। बता दें कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री आवास में रविवार को राज्य सरकार की ओर से राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सादगी भरे विदाई समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट की। सीएम ने उनके कार्यकाल को अनुकरणीय बताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री सत्यानंद भोक्ता और मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी।

रविवार को राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान राज्य के पूर्व कार्यवाहक मुख्य सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर ने शिष्टाचार मुलाकात में चित्रकार और मूर्तिकार श्याम विश्वकर्मा द्वारा बनाई गई कलाकृति भेंट की। उच्च मुख्य सचिव और प्रधान सचिव के अधिकारियों ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उनका आभार जताया। विकास भारती के सचिव अशोक भगत ने राज्यपाल को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया। साथ ही उनकी दीर्घायु रहने की कामना की। समाजसेवी ए हक, झारखंड प्रखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजीव रंजन प्रसाद, कुमार राजा व डॉ एम तौसीफ, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ भारती कश्यप, नगर आयुक्त मुकेश कुमार, आईएएस ए डोडे आदि ने भी राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की।

बता दें कि द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल हैं जिनका कार्यकाल 6 साल तक का रहा। वहीं सोमवार को ओडिशा के लिए राज्यपाल रवाना हुई तो उनको विदाई देने कई अधिकारी भी पहुंचे। राज्यपाल को विदाई देने मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से लेकर डीजीपी नीरज सिन्हा के अलावा सभी सचिव और पदाधिकारी बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे थे। सभी ने राज्यपाल को फूलों का गुलदस्ता देकर द्रौपदी मुर्मू को ओडिसा के लिए विदा किया।