झारखंड: सोमवार से रेडियो और दूरदर्शन से होगी सरकारी स्कूल के बच्चों की पढ़ाई..

रांची : कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में 17 मार्च 2020 से सभी विद्यालय बंद है। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा बच्चों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लर्निंग मटेरियल भेजा जा रहा है। लेकिन स्कूलों में नामांकित 42 लाख बच्चों में से 13 लाख बच्चों तक ही ऑनलाइन लर्निंग मटेरियल पहुंच रहा है ।क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों के पास स्मार्टफोन नहीं होने के कारण बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई से वंचित रह जा रहे हैं। जिसको लेकर अब सरकार ने एक नया कदम उठाया है। अब राज्य के सरकारी स्कूल के बच्चे सोमवार से दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।

दूरदर्शन पर प्रतिदिन 3 घंटा कक्षा का संचालन किया जाएगा।दूरदर्शन पर सप्ताह में 5 दिन कक्षा का संचालन होगा। दिन में 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दोपहर 1:00 से 2:00 तक कक्षा का संचालन किया जाएगा। कक्षा का संचालन सोमवार से शुक्रवार तक डीडी झारखंड चैनल पर होगा। कक्षा संचालन के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना ने दूरदर्शन को लर्निंग कंटेंट उपलब्ध करा दिया है।

झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा कक्षा संचालन को लेकर रूटीन जारी कर दिया गया है। सुबह 10:00 से 10:30 तक सभी बच्चों के लिए कक्षा का संचालन होगा।

दूरदर्शन पर कक्षा का संचालन इस प्रकार होगा :

1 से 5 तक की कक्षा 10:30 से 11:00 तक होगी
6 से 8 तक की कक्षा 11: 00 से 11:30 तक होगी
9 से 11 तक की कक्षा 11:30 से 12:00 तक होगी
10 वीं की कक्षा 1:00 से 1:30 तक संचालित होगी
12 वी की कक्षा 1:30 से 2:00 तक संचालित होगी

वही सरकारी स्कूल के बच्चे इस साल रेडियो के माध्यम से भी पढ़ाई करेंगे। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा इसकी भी तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य के पांच आकाशवाणी केंद्र के साथ-साथ भागलपुर आकाशवाणी केंद्र से भी कक्षा का संचालन किया जाएगा। सप्ताह में प्रतिदिन आकाशवाणी के माध्यम से बच्चे पढ़ाई कर सकेंगे। प्रतिदिन 10-10 मिनट कर दो बार आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारण होगा।आकाशवाणी केंद्र रांची,जमशेदपुर,चाईबासा,डाल्टनगंज,हजारीबाग और भागलपुर से प्रसारण किया जाएगा। डाल्टनगंज केंद्र से गुरुवार को प्रसारण नहीं होगा।रांची केंद्र,जमशेदपुर केंद्र,चाईबासा केंद्र,डाल्टनगंज केंद्र, हजारीबाग केंद्र से प्रतिदिन सुबह में 9:20 से 9:30 तक होगा।भागलपुर केंद्र से दोपहर12:00-12:10 बजे तक प्रसारण होगा।

शाम में आकाशवाणी से इस प्रकार प्रसारण होगा

  • जमशेदपुर केंद्र. 5:20-5:30
  • भागलपुर केंद्र : 5:45-5:55
  • रांची केंद्र. 5:45-5:55
  • डाल्टनगंज केंद्र. 5:45-5:55
  • हजारीबाग केंद्र. 5:50-6:00
  • चाईबासा केंद्र. 6:30-6:40