बंद पड़ी पर्वतपुर कोल ब्लॉक में अवैध खनन के दौरान चाल धंसा, चार मजदूरों के दबने की आशंका..

बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड स्थित बंद पड़े पर्वतपुर कोल ब्लाक में लंबे समय से अवैध खनन चलता रहता है। यह काम कोयला तस्कर स्थानीय मजदूरों के माध्यम से करवाते हैं। सूचना मिली है कि शुक्रवार को खनन का काम चल रहा था। अचानक से खदान धंसने के कारण खनन कार्य मे लगे लोग फंस गए। कुछ लोगों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। हालाकिं खदान में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हादसे में इसी गांव के चार व्यक्ति चाल में दबे होने की आशंका है। ये चारों व्यक्ति श्रावण रजवार, लक्ष्मण रजवार, अनादि सिंह और भरत सिंह बताये जा रहे हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नही हो पाई है। स्थानीय लोग इस संबंध में कुछ भी नहीं बता रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में काफी दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पर्वतपुर कोल ब्लाक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सुरंग के चाल पर दरारें दिखी। इधर, मामले की जानकारी पर लोगों की भीड़ लग गई है। चाल में फंसे व्यक्तियों के परिजन भी परेशान है, प्रशासन से इन्हें बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू टीम पहुंची लेकिन उन्हें निकाला नहीं जा सका। बता दें की फिलहाल इस कोल ब्लाक को कोल इंडिया को दिया गया है। यहां की निगरानी का काम बीसीसीएल कर रहा है। कोल ब्लाक की सुरक्षा के लिए 140 होम गार्ड तैनात हैं।