रांची: बुढ़मू में होली के दिन बीच बाजार में चली गोली, युवक की मौत..

रांची के बुढ़मू प्रखंड के साड़म गांव में होली में रंग की जगह खून की होली खेली गई। यहां त्योहार के दिन मीट खरीदने बाजार गए एक युवक के लिए ये होली, जीवन का अंतिम दिन साबित हुआ। अज्ञात अपराधियों ने साड़म गांव निवासी मनोज यादव की गांव में ही गोली मार कर हत्या कर दी।

घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है जब मनोज गांव में मीट लेने के लिए एक दुकान पर खड़ा था। इसी बीच बाइक से दो अज्ञात अपराधी आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर अफरा तफरी मच गई। इसी बीच मनोज को भागने के दौरान पैर में गोल लग गई और वो वहीं गिर गया। अपराधियों ने इसके बाद सामने जाकर मनोज के ऊपर गोली दाग दी। इससे मनोज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि घटना को अंजाम अपराधियों या उग्रवादी संगठन द्वारा दिया गया है।