पलामू में घूस लेते रोजगार सेवक गिरफ्तार, भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने की कार्रवाई..

पलामू जिले के छत्तरपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की है। यहाँ आज एक घूसखोर रोजगार सेवक को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB ने रगें हाथ गिरफ्तार किया है। मनरेगा योजना के एक कार्य में रोजगार सेवक ने घूस की डिमांड की थी। रोजगार गारंटी अधिनियम फॉर्म पर साइन करने के नाम पर वो घूस की डिमांड कर रहा था।

गौरतलब है की छतरपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के रहने वाले नरेश कुमार यादव के पुत्र शंभू कुमार यादव (25) ने मनरेगा योजना में काम किया था। राशि निर्गत कराने के लिए रोजगार गारंटी अधिनियम फॉर्म पर रोजगार सेवक का साइन जरूरी था। फॉर्म पर साइन करने के बदले रोजगार सेवक अब्दुल रहमान 10 हजार रुपए घूस की मांग कर रहा था। शंभू ने फॉर्म पर साइन करने के लिए अब्दुल रहमान से कई बार आग्रह किया। लेकिन उसने घूस लिए बिना साइन करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद परेशान होकर शंभू ने इसकी शिकायत ACB के पलामू प्रमंडलीय कार्यालय में दर्ज कराई। ACB ने अपने स्तर से जांच में मामले को सही पाया। इसके बाद रोजगार सेवक को गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि शिकायकर्ता शंभू ब्लॉक कार्यालय में घूस की रकम देगा। उसी वक्त ACB उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लेगी। प्लान के मुताबिक शिकायतकर्ता से जैसे ही रोजगार सेवक ने घूस लिया, वहां मौजूद ACB टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तार करने के बाद रोजगार सेवक को ACB कार्यालय लाया गया।