झारखंड के खेल और पर्यटन विकास में धोनी का साथ

रांची: झारखंड के खेल और पर्यटन को अब कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन मिलेगा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी ने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया है कि वे खेल और पर्यटन के क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।

राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति और खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने धोनी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच झारखंड में खेल और पर्यटन गतिविधियों को विश्वस्तरीय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि “धोनी का अनुभव और उनकी सोच झारखंड को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।”

खेल और पर्यटन में आएगा बदलाव

मुलाकात के दौरान मंत्री और धोनी के बीच कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विकास, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और झारखंड के पर्यटन स्थलों का डिजिटल प्रमोशन शामिल रहा।

मंत्री ने भरोसा जताया कि धोनी के जुड़ने से राज्य में खेलों की एक नई क्रांति आएगी। उन्होंने कहा कि, “धोनी झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके सहयोग से हम झारखंड को खेल और पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाएंगे।”

धोनी का संकल्प

धोनी ने भी मुलाकात के दौरान राज्य सरकार को पूरा सहयोग देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस उन्हें सही मार्गदर्शन, सुविधाएं और प्लेटफॉर्म देने की। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों का उपयोग किया जा सकता है।

झारखंड को मिलेगी वैश्विक पहचान

विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर महेंद्र सिंह धोनी झारखंड के खेल और पर्यटन से सीधे तौर पर जुड़ते हैं तो राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। यह पहल न केवल युवाओं के लिए अवसरों के द्वार खोलेगी बल्कि झारखंड की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×