क्रिकेट के बाद अब फिल्म इंडस्ट्री में धोनी की एंट्री, पहली तमिल फिल्म का पोस्टर रिलीज..

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फिल्म प्रोडक्शन में एंट्री कर ली है। उनके प्रोडक्शन धोनी एंटरटेनमेंट के तहत पहली फिल्म का निर्माण कर लिया गया है। इसका मोशन पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें फिल्म के नाम और कास्ट का भी खुलासा हुआ है। इस फिल्म का टाइटल है ‘LGM: लेट्स गेट मैरिड’ आपको बता दें, ये एक तमिल फिल्म है जिसका मोशन पोस्टर अब रिलीज़ हो गया है। ये फिल्म बहुत जल्द सिनेमाघरों में दस्तक देगी। धोनी एंटरटेनमेंट के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया गया है। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, ‘हम धोनी एंटरटेनमेंट के पहले प्रोडक्शन टाइटल LGM- LetsGetMarried! को शेयर करते हुए बेहद एक्साइटेड हैं’।

फिल्म का डायरेक्शन रमेश थमिलमानी ने किया है। यह रमेश की पहली फिल्म है। इस प्रॉडक्शन हाउस का काम उनकी पत्नी साक्षी धोनी देख रही हैं। एमएस धोनी के प्रॉडक्शन में बन रही इस फिल्म में तमिल सिनेमा के फेमस एक्टर्स नजर आने वाले हैं। धोनी की फिल्म में हरीश कल्याण और इवाना लीड रोल में नजर आएंगे। वहीं, नादिया और योगी बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। एमएस धोनी की पहली फिल्म का पोस्टर सामने आते ही फैंस काफी खुश हैं और धोनी को बधाई दे रहे हैं।

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कंपनी धोनी एंटरटेनमेंट की शुरुआत 25 जनवरी, 2019 को की थी। उनके इस प्रॉडक्शन हाउस ने अब तक तीन शॉर्ट फिल्मों का निर्माण किया है, जिसमें रोर ऑफ द लॉइन, बिलेज टु ग्लोरी और द हिडन हिंदू जैसी फिल्में शामिल हैं।