गुजरात से रांची लाया गया धोनी की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग आरोपित..

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग आरोपित को गुजरात से रांची ले आया गया। रांची पुलिस आरोपित को गुजरात के कच्छ से ट्रांजिट रिमांड पर रांची लेकर आई है। रांची लाए जाने के बाद आरोपित युवक का सदर अस्पताल में कोविड जांच कराया गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच होने के बाद उससे पूछताछ की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, इसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।

ज्ञात हो कि, आईपीएल 2020 के मैच में सीएसके टीम के हारने के बाद, महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर गुजरात के कच्छ के एक नाबालिग ने उनकी पांच साल की बेटी जीवा पर अभद्र टिप्पणी की थी। जिसके बाद बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन समेत धोनी के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। इसके बाद जांच के दौरान पता चला कि आरोपित गुजरात के कच्छ का रहने वाला एक नाबालिग है। गुजरात पुलिस ने जानकारी मिलते ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद रांची पुलिस की टीम उक्त आरोपित को लाने गुजरात रवाना हुई थी।

इससे पहले इस घटना के बाद धोनी के सिमलिया स्थित फार्म हाउस, जहां धोनी और उनका परिवार रहता है तथा हरमू स्थित घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।