रांची में धोनी ने किया अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन, बोले- आम लोगों को होगा लाभ

रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी ने आज रांची में बिरसा चौक स्टेशन रोड स्थित आश्री बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव भी उनके साथ मौजूद थे। दोनों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस अत्याधुनिक बैडमिंटन सुविधा का शुभारंभ किया। मौके पर धोनी ने कहा कि यह पहल शहर के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए बेहद फायदेमंद होगी। इससे न केवल पेशेवर खिलाड़ियों को अभ्यास का मौका मिलेगा, बल्कि आम लोग भी खेल को अपनाकर फिटनेस और मनोरंजन का लाभ उठा सकेंगे।

खेल को बढ़ावा देने की दिशा में कदम
रांची के खेल प्रेमियों के लिए यह बैडमिंटन कोर्ट किसी तोहफे से कम नहीं है। इस कोर्ट में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट आयोजित करने में सहायक होंगी। धोनी ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें सही दिशा और मंच देने की।

धोनी ने युवाओं को किया प्रेरित
इस मौके पर धोनी ने युवाओं से अपील की कि वे खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा, “आज के समय में खेल केवल करियर का साधन नहीं बल्कि फिट और स्वस्थ जीवन के लिए भी जरूरी है। इस तरह की सुविधाएं युवाओं को खेल के प्रति और आकर्षित करेंगी।” वहीँ अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि यह कोर्ट आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है और यहां खिलाड़ियों को विश्वस्तर की ट्रेनिंग सुविधा मिलेगी।

प्रशिक्षण के लिए अनुभवी कोच नियुक्त
कोर्ट के संचालक मंजुल केरकेट्टा ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए दो पुरुष और दो महिला कोच नियुक्त किए गए हैं. इनमें राकेश कुमार, सुषमा केरकेट्टा, सिद्धार्थ केरकेट्टा और अभिषेक केरकेट्टा शामिल हैं। कोर्ट सुबह 5 बजे से 9 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक खुलेगा। इच्छुक लोग संपर्क कर सदस्यता और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

स्थानीय लोगों में उत्साह
धोनी को अपने बीच पाकर स्थानीय लोग बेहद उत्साहित नजर आए। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे। सभी ने धोनी के इस कदम की सराहना की और उम्मीद जताई कि रांची में खेलों का स्तर और ऊंचा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×