रांची में फिर एक पत्रकार पर जानलेवा हमला..

रांची : राजधानी में वीडियो जर्नलिस्ट बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमला का मामला अभी सुलझा ही नहीं है कि इधर प्रदेश की राजधानी रांची में एक और पत्रकार पर जानलेवा हमला हो गया है। शुक्रवार देर रात सन्मार्ग के पत्रकार राहुल पांडेय पर अवैध शराब माफ़िया संतोष पाठक ने जान लेने की नीयत से हमला किया। इस हमले में राहुल को गंभीर चोट आई है। माफिया ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की बल्कि मोबाइल फोन भी लूट लिया। डॉक्टरों की देखरेख में राहुल का इलाज चल रहा है। इसको लेकर पत्रकार राहुल पांडेय ने मेसरा ओपी लिखित शिकायत की है।पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

बता दें की इससे पहले 11 सितंबर को सीनियर वीडियो जर्नलिस्ट बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें बैजनाथ गंभीर रुप से जख्मी हो गए थे। पुलिस को लगभग वे मृत अवस्था में मिले थे। पुलिस ने समय रहते महतो को अस्पताल पहुंचा दिया और वे फिलहाल बहुत ही गंभीर अवस्था में हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पत्रकार बैजनाथ महतो पर हुए जानलेवा हमले को लेकर रांची जिले के दर्जनों पत्रकारों ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी नीरज सिन्हा से भी मुलाकात किये थे। डीजीपी ने आश्वासन दिया था कि आइजी अभियान इस मामले की जांच करेंगे और आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जायेगा। हालाकिं अभी इस मामले में भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।