रांची में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत, उपायुक्त ने दिखाई प्रचार वाहन को हरी झंडी

रांची: राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजधानी रांची में नशा मुक्ति को लेकर जनजागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सोमवार को रांची समाहरणालय परिसर से उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों की उपस्थिति में नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। प्रचार वाहन के चारों ओर प्रभावशाली और भावनात्मक स्लोगन लिखे गए थे, जिनमें शामिल हैं:

  • “नशे को ना, जिंदगी को हां।”

  • “हम सबका एक ही नारा, नशा मुक्ति जीवन हो हमारा।”

  • “आप, हम और झारखंड सरकार – मिलकर करेंगे नशे पर वार।”

इन नारों के माध्यम से आम जनता को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

नशा खुरानी के बढ़ते मामलों पर चिंता

झारखंड, विशेष रूप से रांची में, बीते कुछ समय से नशा खुरानी के मामलों में तेज़ी देखी जा रही है। पुलिस की सक्रियता के बावजूद लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मादक पदार्थों की उपज, तस्करी और खुलेआम बिक्री पर सख्ती से रोक नहीं लगेगी, तब तक नशा मुक्ति की दिशा में पूर्ण सफलता मिलना कठिन है।

26 जून तक चलेगा अभियान

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जानकारी दी कि यह जागरूकता अभियान 26 जून, अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस तक जारी रहेगा। इस अवधि में प्रचार वाहन रांची जिले के सभी प्रखंडों, अंचलों, पंचायतों और हाट-बाजारों का दौरा करेगा। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, और सामुदायिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, रैली, पोस्टर प्रतियोगिता और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सरकार की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों से सराहना मिल रही है। यह अभियान न केवल युवाओं को नशे के दलदल से बचाने का प्रयास है, बल्कि पूरे समाज को एकजुट कर नशामुक्त राज्य की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×