रांची में महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में कराया गया एडमिट..

जानलेवा कोरोना वायरस महेंद्र सिंह धोनी के घर तक पहुंच चुका है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनका रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टर्स के मुताबिक धोनी के पिता पान सिंह और माता देविका देवी की स्थिति फिलहाल ठीक है। ऑक्सीजन स्तर भी अभी सामान्य है। राहत की बात है कि संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। यह जानकारी सीटी स्कैन से पता चली।

बुधवार को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पिता पान सिंह और उनका माता देविका देवी को बरियातू रोड स्थित पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में दोनों स्वस्थ हो जाएंगे और संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।

आपको बता दें कि झारखंड में कोरोना वायरस के कारण फैला संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। अनियंत्रित हालात पर नियंत्रण पाने के लिए झारखंड सरकार ने प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर चुकी है। राज्‍य में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक एक हफ्ते तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। झारखंड में कई रियायतों के साथ लॉकडाउन लगाया जा रहा है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रहेगा। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन भीड़ नहीं होगी। खनन से जुड़े कार्य भी होते रहेंगे।