फिर बरसा कोरोना का कहर, झारखंड में मिले 693 नए संक्रमित..

झारखंड में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 693 नये मामले सामने आये हैं। संक्रमण के दूसरे लहर में ये एक दिन में राज्य में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इसके बाद अब राज्य में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2825 हो गयी है। वहीं बुधवार को 122 मरीज ठीक भी हुए हैं।

रांची में सबसे अधिक 351 मरीज मिले हैं। वहीं पूर्वी सिंहभूम में 121 नये मामले सामने आये हैं। बोकारो में 11, चतरा में 3, देवघर में 13, धनबाद में 8, दुमका में 19, गिरिडीह में 7, गोड्डा में 12, गुमला में 13, खूंटी में 5, हजारीबाग में 15, कोडरमा में 16, जामताड़ा में 2, लोहरदगा में 11, रामगढ़ 18, सिमडेगा में 27, पश्चिम सिंहभूम में 8, साहेबगंज में 15, सरायकेला में 27 नये केस मिले हैं।

वर्तमान में कोरोना के एक्टिव मरीज सबसे अधिक रांची में 1591 हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में 375 एक्टिव मरीज है वहीं अन्य जिलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 100 से कम है।

गौरतलब है कि राज्य में पिछले सात दिनों में लगभग दो हजार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। वहीं सभी जिलों में कोविड अस्पतालों को भी फिर से दुरुस्त किया जा रहा है। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किया है कि राज्य में बाहर से आने वाले सभी मरीजों की कोविड जांच की जाए।