Headlines

झारखंड में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, सामने आए 278 नए मामले..

राज्य में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर लगातार तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि गुरुवार को राज्य में सर्वाधिक 278 मामले मिले हैं। बड़ी बात ये है कि 13 नवंबर (288 मामले) के बाद से कल इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिले। वहीं राज्य में 14 मार्च से लगातार प्रतिदिन मिलने वाले नए केस बढ़ रहे हैं। 13 मार्च को 43 नए कोरोना मरीज मिले थे। इसके बाद 19 मार्च से प्रतिदिन सौ से अधिक नए संक्रमित मिल रहे थे और गुरुवार को ये संख्या 200 से भी पार हो गई। हालांकि बीच में महज एक दिन 21 मार्च को कम जांच होने से 83 नए संक्रमित मिले थे।

इसके बाद अब वर्तमान में राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले (एक्टिव केस) 1,175 हो गए हैं जो पिछले महीने 6 फरवरी को 428 थे। इससे अस्पतालों पर एक बार फिर दबाव बढ़ने लगा है। वहीं, संक्रमण बढ़ने से राज्य में कोरोना के आंकड़े एक बार फिर बिगड़ रहे हैं। जैसे, राज्य में एक मार्च तक मरीजों के दोगुना होने में 1,821 दिन लग रहे थे। अब यहां एक बार फिर 645 दिन में ही मरीज दोगुने होने लगे हैं।

वहीं बात करें जिलों की तो राज्य में मिले 278 नए मरीजों में सबसे अधिक 170 मरीज सिर्फ रांची में मिले हैं। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में 22, धनबाद में 12, रामगढ़, बोकारो तथा दुमका में 11-11, साहिबगंज में 10, सरायकेला खरसावां में सात, गुमला में छह, कोडरमा तथा गोड्डा में तीन-तीन, लोहरदगा तथा पश्चिमी सिंहभूम में दो-दो तथा पाकुड़, हजारीबाग व जामताड़ा में एक-एक नए मरीज मिले। वहीं, राज्य में 72 मरीज स्वस्थ हुए। इस सब के बीच राहत की बात ये है कि पूरे राज्य में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई।