झारखंड के 1215 सरकारी स्कूलों में जल्द शुरू होगी कंप्यूटर की पढ़ाई, जल्द निकाला जाएगा टेंडर..

रांची : “राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान” के तहत झारखंड के सरकारी हाई स्कूल और प्लस 2 स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई की योजना शुरू कर दी गई थी। अभियान के बंद होने के बाद इसे “समग्र शिक्षा अभियान” के तहत संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत राज्य के 1215 सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई होगी। एक स्कूल को कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए 6.40 लाख रुपए दिए जाते हैं। योजना के तहत 60 फ़ीसदी राशि केंद्र सरकार और 40% राज्य सरकार देती है। एक-दो दिनों में स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर जेम पोर्टल के माध्यम से निकाला जाएगा। झारखंड शिक्षा परियोजना ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल शिक्षा परियोजना ने पिछले साल ही राज्य के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे नामंजूर करते हुए कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया जेम पोर्टल के जरिए करने को कहा।

बता दें कि राज्य के सरकारी स्कूल में कंप्यूटर की पढ़ाई की योजना साल 2014-15 में शुरू हुई थी। 2020 से 21 तक कुल 2189 स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई शुरू करने की सहमति दी गई। इनमें से 974 स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित है, जबकि 1215 स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित नहीं किया जा सका है।