सीएम हेमंत आज कोडरमा से करेंगे ‘खतियानी जोहार यात्रा’ के दूसरे चरण का आगाज..

रांची I मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खतियानी जोहार यात्रा का दूसरा चरण आज मंगलवार से कोडरमा से आरंभ होगा। इसके बाद वे 18 जनवरी को गिरिडीह, 23 को सिमडेगा, 24 को चाईबासा, 30 को सरायकेला-खरसावां और 31 जनवरी को जमशेदपुर में यात्रा से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गौरतलब है की यात्रा का तीसरा चरण फरवरी और चौथा चरण मार्च महीने में संपन्न होगा। अपनी यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री हर जिले में लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। वे रोड शो के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों से भी बातचीत करेंगे। जनसभाओं में वे राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधेंगे।

पहला चरण 8 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चला था..
सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय समिति सदस्य सह राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद पांडेय के मुताबिक सांगठनिक बैठकों में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। पहले चरण की तरह खतियानी जोहार यात्रा के सभी चरणों को सफल बनाने के लिए पार्टी कृतसंकल्पि‍त है। उल्लेखनीय है कि खतियानी जोहार यात्रा का पहला चरण आठ दिसंबर से 16 दिसंबर तक आयोजित हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गढ़वा, पलामू, गुमला, लोहरदगा, गोड्डा और देवघर में हुए कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और अधिकारियों संग बैठकें की।

राजनीतिक विरोधियों को देंगे जवाब..
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा के दौरान विपक्षी दलों पर हमलावर होंगे। वे नीतिगत विषयों पर लिए गए निर्णय के अलावा कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में किए गए प्रयासों का जिक्र करेंगे। वे दौरे के क्रम में संबंधित जिलों में औचक निरीक्षण भी करेंगे। उत्कृष्ट विद्यालय, माडल स्कूल समेत अन्य सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों, समेत मूलभूत सुविधाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लेंगे।

इसके अलावा उनका सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल योजनाओं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, कृषि ऋण माफी योजना, मनरेगा, छात्रवृति, पर्यटन, खेल व अन्य गतिविधियों की जानकारी लेंगे। वरीय अधिकारियों के साथ बैठक में वे कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे।