ऑक्सीजन के लिए झारखंड के सीएम ने गुजरात के सीएम को लिखा पत्र..

कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए अति आवश्यक लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, सिलिंडर और वेपोराइजर की झारखंड में कमी है। इसके निर्माता गुजरात की कंपनियों को झारखंड की ओर से खरीद का ऑर्डर दिया गया है, लेकिन मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से झारखंड में समस्या बढ़ी है। इस आशय से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को लिख कर वहां की संबंधित निर्माता कंपनियों से झारखंड में आपूर्ति बढ़ाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्र में लिखा है कि देश में कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात की चपेट में सभी हैं। इससे बाहर निकलने के लिए सभी को मिलकर काम करना जरूरी है। झारखंड में ऑक्सीजन का जरूरत से अधिक उत्पादन हो रहा है। ऑक्सीजन कोरोना संक्रमित मरीजों की जिंदगी बचाने में सबसे महत्वपूर्ण उपचार है। दुर्भाग्य से झारखंड आवश्यक लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, सिलिंडर और वेपोराइजर की आपूर्ति की कमी से जूझ रहा है। जबकि इसका रिफिल करने वाले झारखंड में मौजूद हैं।

सीएम ने लिखा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि गुजरात में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, सिलिंडर और वेपोराइजर के निर्माताओं के पास झारखंड का काफी ऑर्डर पेडिंग है। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति से गुजरात के मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उनसे झारखंड में समय पर लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, सिलिंडर और वेपोराइजर की आपूर्ति कराने में मदद के लिए हस्तक्षेप का आग्रह किया है।