झारखंड की चंचला ने सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में बनाई जगह..

झारखंड की ओरमांझी की रहने वाली चंचला ने सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप अंडर 14 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बना ली है। चंचला सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 40 किलो वर्ग में देश का प्रतिनिधत्व करेंगी। 19 जुलाई से 25 जुलाई तक हंगरी के बुडापेस्ट में इस चैंपियनशिप का आयोजन होने वाला है। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए झारखंड की तरफ से पहली बार किसी पहलवान का चयन हुआ है।

चंचला ने नई दिल्ली में आयोजित सलेक्शन 1 ट्रायल में पहला पायदान हासिल करने के बाद ही इस चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है। चंचला के सलेक्शन के बाद उन्हें देश और राज्य भर से बधाई मिल रही है। ओरमांझी की रहने वाली चंचला खेलगांव में चल रहे झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी में पहले बैच की खिलाड़ी रह चुकी है। चंचला ने झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोला सिंह से कुश्ती की ट्रेनिंग ली है।

चंचला के सलेक्शन पर उनके पिता ओरमांझी के हटवाल गांव निवासी नरेंद्रनाथ पाहन जो की पेशे से प्लंबर हैं और खेती भी करते हैं, उन्होंने कहा कि चंचला बचपन से ही मेहनती रही है। उसे खेलकूद में मन लगता था। गांव के ही मैदान में दौड़ती थी और योग करती थी। 4 साल पहले अपने मेहनत के दम पर खेल एकेडमी के लिए हुए ट्रायल में चंचला ने अपनी जगह बनाई थी। चंचला वर्ल्ड कप में तिरंगा जरूर लहराएगी।

चांचला ने अपनी मेहनत के दम पर कई बार राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओ में पदक जीतकर राज्य सहित अपने परिवार का नाम रौशन किया है।बता दे कि चंचला ने 2021-22 विश्व सब जूनियर कुश्ती में क्वालीफाई के अलावा, 2017-18 में एसजीएफआई राष्ट्रीय कुश्ती सिल्वर मेडल और 2018-19 में एसजीएफआई राष्ट्रीय कुश्ती गोल्ड मेडल जीते है।