चंपाई सोरेन का भाजपा में शामिल होना झारखंड की राजनीति का महत्वपूर्ण मोड़: शिवराज सिंह चौहान….

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के प्रमुख नेता चंपाई सोरेन के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर भाजपा और झारखंड की राजनीति में गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटनाक्रम को झारखंड की राजनीति का एक महत्वपूर्ण मोड़ करार दिया है. भाजपा में चंपाई सोरेन की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पार्टी ने धुर्वा गोलचक्कर के पास एक भव्य अभिनंदन और मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में चंपाई सोरेन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इसके साथ ही भाजपा मुख्यालय में झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए प्रवासी कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई, जिसमें शिवराज सिंह चौहान, हिमंता बिस्व सरमा, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे. जहां शिवराज सिंह चौहान ने चंपाई सोरेन को भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण एसेट बताते हुए कहा कि उनका भाजपा में शामिल होना पार्टी को नई ऊर्जा और ताकत प्रदान करेगा. चौहान के अनुसार, चंपाई सोरेन ने झारखंड के विकास के लिए जीवन भर संघर्ष किया है और मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य को सही दिशा में ले जाने का प्रयास किया. उनकी मेहनत और समर्पण की वजह से सोरेन को कई बाधाओं का सामना करना पड़ा और उन पर जासूसी की गई.

चौहान ने लगाया आरोप

चौहान ने आरोप लगाया कि चंपाई सोरेन को अपमानित करने की कोशिश की गई क्योंकि वे झारखंड को सही रास्ते पर लाने का प्रयास कर रहे थे. उन्होंने कहा, “चंपाई सोरेन ने झारखंड को पटरी पर लाने के लिए बहुत कुछ किया. उनके खिलाफ एक परिवार ने साजिश की, जो झारखंड में सिर्फ अपनी सत्ता कायम रखना चाहता है. इसलिए उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए और बिना मुख्यमंत्री की अनुमति के विधायक दल की बैठक बुला ली गई”.

चंपाई सोरेन का भाजपा में किया स्वागत

भाजपा में चंपाई सोरेन का स्वागत करते हुए चौहान ने कहा कि सोरेन का भाजपा में शामिल होना सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उनके आने से भाजपा को शक्ति और नई ऊर्जा मिलेगी, और यह कदम झारखंड की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित होगा.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी बनाया निशाना

चौहान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी निशाना बनाते हुए कहा कि सोरेन एक ‘डरा हुआ मुख्यमंत्री’ हैं. उन्होंने टिप्पणी की, “हेमंत सोरेन 2 महीने के मुख्यमंत्री को 1 महीने का मंत्री बना रहे हैं. यह बताता है कि वे कितने डरे हुए हैं”.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *