बोकारो में पुलिया के नीचे मिला केन बम, किया गया डिफ्यूज..

बोकारो जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में दो केन बम मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। नावाडीह थाना क्षेत्र के पोटसो पंचायत अंतर्गत गोरमोरा गांव के पास एक पुलिया के नीचे दोनों केन बम रखा हुआ था। दोनो केन बम लगभग 10 किलो का बताया जा रहा है । पुलिस ने सर्च ऑपरेशन में दोनों बम बरामद किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते की मदद से उसे डिफ्यूज किया गया। बताया जा रहा है कि पारसनाथ जोन के ऊपरघाट-नावाडीह इलाके में माओवादी गतिविधियां पुलिस की सक्रियता के कारण पिछले कुछ सालों से शिथिल पड़ी है। अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर माओवादियों ने गोरमोरा पुलिया में एक लैंडमाइन प्लांट कर पेट्रोलिंग पार्टी को निशाना बनाने के फिराक में थे। लेकिन, समय रहते पुलिस को सूचना मिल गयी। सूचना मिलने के बाद CRPF और नावाडीह थाना की पुलिस ने केन बम को बरामद कर लिया। बम काफी शक्तिशाली था और उसका विस्फोट काफी क्षति पहुंचा सकता था। फिलहाल पुलिस इस पुरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस संबंध में नावाडीह थाना प्रभारी कलीम अख्तर ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नावाडीह के पास एक पुलिया के नीचे केन बम है। जानकारी मिलते ही उस स्थल की जांच की गयी। जांच के क्रम में पुलिया के नीचे केन बम मिला। तत्काल इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दे दी गयी। बम निरोधक दस्ता के पहुंचने के बाद उस बम को डिफ्यूज किया गया।