बीजेपी महिला नेता की सामने आई काली करतूत, पार्टी ने किया निलंबित..

रांची: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी कार्यसमिति की सदस्य सीमा पात्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। सीमा पात्रा रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से पूर्व आइएएस महेश्वर पात्रा की पत्नी हैं। बताया जा रहा है कि आइएएस महेश्वर पात्रा के घर से एक आदिवासी महिला को रेस्क्यू किया गया था। अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर रोड नंबर 1 में सुनीता नामक महिला को पूर्व आइएएस महेश्वर पात्रा के घर के कामकाज के लिए रखा गया था। रेस्क्यू टीम के अनुसार सुनीता को घर से निकलने तक की इजाजत नहीं थी। सुनीता ने रेस्क्यू टीम को बताया कि जब भी वह घर से बाहर निकलने की बात करती थी या फिर कोशिश करती थी तो पूर्व आइएएस महेश्वर पात्रा की पत्नी सीमा देवी उसे लोहे की रॉड से पिटा करती थीं। वहीं पीड़िता सुनीता के शरीर पर मारपीट के कई जख्म के निशान भी पाए गए है। सुनीता के अनुसार तो कई बार उसकी ऐसी पिटाई की जाती थी कि उसके दांत तक टूट जाते थे।

विवेक वास्की ने दी सहायिका की जानकारी..
बता दें कि विवेक वास्की नामक शख्स ने सुनीता की जानकारी देते हुए आवेदन के माध्यम से अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। जिसके बाद रांची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के माध्यम से पीड़िता सुनीता को बचाया। फिलहाल सुनीता पुलिस की सुरक्षा में और उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि धारा 164 के तहत सुनीता का बयान मैजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करायी जा रही है। साथ ही सुनीता ने बताया है कि पूर्व आइएएस महेश्वर पात्रा की पत्नी सीमा पात्रा जब उसकी पिटाई करती थीं, तो उनका बेटा सुनीता को बचाया करता था। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच चल रही है। आरोपियों को सजा दी जाएगी।