भाजयुमो ने हेमंत सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप, ‘क्या हुआ तेरा वादा’ कार्यक्रम का आयोजन..

झारखंड की हेमंत सरकार को घेरने की रणनीति के तहत भाजपा युवा मोर्चा की ओर से राजधानी रांची में 15 जगहों पर ‘क्या हुआ तेरा वादा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हटिया में हुए कार्यक्रम में भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने चुनावी घोषणा पत्र में वर्तमान सरकार ने जो भी वादेकिए थे, उन सभी वादों पर वो पिछले 10 महीने में खरी नहीं उतरी है। गठबंधन की सरकार की ओर से 10 काम भी नहीं किया गया है। जायसवाल ने कहा कि हेमंत सरकार ने चुनाव के पूर्व झूठे वादे करके बेरोजगारों को ठगने का काम किया है। यहां के नौजवानों, किसानों को भी ठगा गया है। महिलाओं को सम्मान देने का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के खिलाफ जमकर अपराध हो रहे हैं। झारखंड में गठबंधन की सरकार पूरी तरह से फेल है। इसलिए जो भी वादा उन्होंने किया उसे याद दिलाने के लिए ही भाजपा ने इस ‘क्या हुआ तेरा वादा’ कार्यक्रम का आयोजन किया है।

नवीन जायसवाल ने सवाल दागते हुए कहा कि झारखंड का युवा ये जानना चाहता है कि उन्हें रोजगार कब मिलेगा? उन्हें बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा? महिलाओं को सुरक्षा कब मिलेगी? झारखंड की वर्तमान सरकार जिन मुद्दों और वादों को ले कर सत्ता में आयी थी,उन वादों को पूरा कर पाने में वो पूरी तरह से असफल रही है।

वहीं भाजपा रांची महानगर के उपाध्यक्ष केके गुप्ता ने कहा कि हेमंत सरकार ने चुनाव के पहलेघोषणा पत्र में बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था| और तो और बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई थी। लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया गया| जिसके विरोध में भाजपा के कार्यकर्ता आज सड़कों पर उतरे हैं। केके गुप्ता ने कहा कि हेमंत सरकार के नौ महीने की सरकार में 1200 दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में कानून व्यवस्था बेलगाम हो गई है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

ज्ञात हो कि भारतीय जनता पार्टी की युवा मोर्चा ने हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बुधवार को राजधानी में 15 जगहों पर ‘क्या हुआ तेरा वादा’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में हटिया से भाजपा विधायक नवीन जायसवाल, रांची से विधायक सीपी सिंह मौजूद रहे।