BJP कार्यकर्ताओं ने शख्स को पीटा, थूक चाटने पर किया मजबूर, CM ने दिए जांच के आदेश..

धनबाद में आज महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन कर रहे BJP के कार्यकर्ताओं ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी और उसे थूक भी चटवाया। भाजपा कार्यकर्ताओं की माने तो युवक ने PM मोदी के बारे में अपशब्द कहे थे। इससे नाराज कार्यकर्ता युवक की तब तक पिटाई करते रहे, जब तक उसने जय श्री राम… का नारा नहीं लगाया। इस दौरान गांधी चौक पर तैनात पुलिस आराम से तमाशा देखती रही। किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

कार्यकर्ताओं ने बताया की आज धनबाद के कंबाइंड बिल्डिंग गांधी चौक पर PM नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान की गई सुरक्षा चूक के खिलाफ BJP का एक दिवसीय मौन-धरना कार्यक्रम आयोजित हो रहा था। इसमें सांसद, विधायक और जिले के कई पदाधिकारी शिरकत कर रहे थे। इस दौरान एक युवक वहां पहुंचा और ‌BJP के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, PM मोदी समेत एक समुदाय के बारे में अपशब्द बोलने लगा। इससे BJP के कार्यकर्ता भड़क उठे और उस युवक की पिटाई की।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक को पिटाई से बचाने का प्रयास किया, लेकिन BJP के कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं थे। कार्यकर्ताओं ने उससे जय श्रीराम के नारे लगवाए। थूक चटवाया। इसके बाद युवक ने उपस्थित लोगों से माफी मांगी और फिर वहां से जाने दिया।

इधर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद CM हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। उन्होंने धनबाद DC और झारखंड पुलिस को मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा है कि अमन चैन से रहने वाले झारखंडवासियों के इस राज्य में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है।