कोडरमा में भाजपा कार्यालय शिलान्यास समारोह: बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस को बताया पाकिस्तान का एजेंट

कोडरमा: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को कोडरमा जिले के दुधीमाटी में भाजपा के नए जिला कार्यालय का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने झारखंड की सत्तारूढ़ हेमंत सोरेन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए तीखा हमला बोला। इसके साथ ही उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर भी पलटवार किया और उसे पाकिस्तान का एजेंट करार दिया।

इस विशेष आयोजन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, भाजपा प्रदेश महामंत्री कर्मवीर सिंह, जिला अध्यक्ष अनूप जोशी और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। भूमिपूजन के अवसर पर भाजपा नेताओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की और कार्यालय निर्माण की शुरुआत के प्रतीकस्वरूप एक-एक ईंट रखी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा, “झारखंड की हेमंत सरकार हर स्तर पर विफल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए पद से चिपके हुए हैं। राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध और विकास की रफ्तार थम सी गई है।” उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राज्य को भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त कराने के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष कर रहे हैं।

कांग्रेस पर तीखा प्रहार
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ सवाल उठाकर कांग्रेस देश विरोधी ताकतों का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा, “जब पूरा देश ऑपरेशन सिंदूर की सराहना कर रहा है, तब कांग्रेस इसे कटघरे में खड़ा कर रही है। इससे प्रतीत होता है कि कांग्रेस पाकिस्तान के एजेंट की तरह व्यवहार कर रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रहित के विरुद्ध है।”

भाजपा कार्यालय को बताया कार्यकर्ताओं का मंदिर
अन्नपूर्णा देवी और डॉ. नीरा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नया जिला कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा का केंद्र होगा। यहां से संगठन को मजबूत करने की रणनीतियाँ बनेंगी और जनसेवा के कार्यों को दिशा दी जाएगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों से वातावरण को गूंजायमान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×