रांची में भाजपा नेता जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्‍या..

रांची : अभी-अभी ओरमांझी के पालू इलाके में भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जीतराम मुंडा की गोली मार दी गई है। अपराधियों ने जीतराम पर ताबड़तोड़ गोली बरसाई, इसके बाद वे फरार हो गए। गोली मारने के बाद जीत राम को मेदांता अस्‍पताल लाया गया। यहां डॉक्‍टरों ने उन्‍हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत व्‍याप्‍त है। पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्‍या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। जिलाध्‍यक्ष की हत्‍या के बाद से पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार भाजपा एसटी मोर्चा के द्वारा ओरमांझी शास्त्री चौक पर मांडर विधायक बंधु तिर्की का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जीतराम मुंडा पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होकर राजकिशोर साहू के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान वह आर्यन होटल में चाय पीने के लिए रुके। चाय पीने के बाद वह वहां से निकलने ही वाले ही थे कि तभी बाइक से दो अपराधी आए और जीतराम मुंडा को गोली मार दी। इस दौरान राजकिशोर साहू को भी गोली लगी है। गोली मारने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। गोली लगने के बाद जीतराम वहीं पर गिर गए। बाद में उन्हें इलाज के लिए ईरबा स्थित मेदांता अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हॉस्पिटल पहुंच चुके हैं।