भारत बंद आज, उपद्रवियों पर सख्ती से निपटा जाएगा..

केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ अपने आंदोलन को धार देने के लिए किसान संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। बंद का 40 किसान संगठनों, अधिकतर गैर भाजपा दलों ने समर्थन दिया है। बंद के दौरान सर्वाधिक असर सड़कों पर पड़ेगा। ऐसे में संभलकर घर से बाहर निकलें। वैसे जरूरी सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है। बंद से निपटने के लिए प्रशासन भी मुस्तैद है।

इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए रांची में 1000 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।

दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान विधि व्यवस्था संभालेंगे। रांची एवं हटिया रेलवे स्टेशन के अलावा बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड आदि पर भी विशेष नजर रहेगी। भारत बंद के नाम पर उपद्रव करने वालों पर विशेष नजर होगी। एसपी ने थानेदारों को अपने-अपने इलाके में विशेष गश्‍त लगाने का निर्देश दिया है। हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, गिरिडीह में भी पुलिस को अलर्ट किया गया है।

वही भारत बंद को विपक्ष ने समर्थन दिया है। बंद को सफल बनाने के लिए रविवार को रांची समेत झारखंड के कई शहरों में समर्थकों ने मशाल जुलूस निकाला। रांची में मशाल जुलूस निकाला गया । इसका नेतृत्व झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की कर रहे थे। जुलूस में कांग्रेस, झामुमो, राजद, वाम दल समेत गैर भाजपा राजनीतिक दल शामिल हुए।