Headlines

बरहरवा नगर पंचायत: 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करने पर मिलेगी 15% तक की छूट, विशेष श्रेणियों को अतिरिक्त लाभ

Barharwa: बरहरवा नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए होल्डिंग टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून, 2025 निर्धारित की है। समय पर टैक्स भुगतान करने वालों को अधिकतम 15 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों व अन्य विशेष श्रेणियों को अतिरिक्त छूट का लाभ भी मिलेगा। नगर पंचायत प्रशासक अभिजीत कुमार ने नागरिकों से समय पर टैक्स भुगतान कर छूट का लाभ उठाने की अपील की है।

नगर प्रबंधक पुरुषोत्तम देव ने बताया कि यह छूट केवल आवासीय होल्डिंग पर लागू होगी और विभिन्न श्रेणियों के अनुसार अतिरिक्त छूट निम्नलिखित है:

  • महिला के नाम पर होल्डिंग: 5%

  • वरिष्ठ नागरिक: 5%

  • भारतीय सेवा (सशस्त्र बल/सिविल सेवा) में कार्यरत व्यक्ति: 5%

  • दिव्यांग व्यक्ति: 5%

  • ट्रांसजेंडर: 5%

  • स्वयं कार्यालय आकर टैक्स जमा करने पर: 2.5%

  • ऑनलाइन भुगतान करने पर: 5%

बकायादारों को चेतावनी

नगर प्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने अब तक टैक्स जमा नहीं किया है, या जिन्होंने गलत तरीके से होल्डिंग का असेसमेंट कराया है, उनके खिलाफ झारखंड म्युनिसिपल एक्ट, 2011 के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्थल निरीक्षण के बाद दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

100 से अधिक करदाताओं को भेजे गए नोटिस

वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 100 से अधिक करदाताओं ने टैक्स जमा नहीं किया है, जिसके चलते उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 14 वार्डों में टैक्स वसूली को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 का प्रदर्शन

नगर पंचायत ने वर्ष 2024-25 के लिए 66 लाख रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा था, जिसमें से लगभग 62 लाख रुपये की वसूली की गई। इस वसूली में:

  • सेल्फ असेसमेंट (SAF) के माध्यम से: ₹11.64 लाख

  • अन्य स्रोतों से: ₹50.34 लाख

  • ट्रेड लाइसेंस शुल्क से: ₹4.58 लाख (लगभग 600 लाइसेंस नवीनीकृत)

ब्याज और पेनल्टी का प्रावधान

होल्डिंग टैक्स की पहली तिमाही 30 जून को समाप्त हो रही है। यदि इस तारीख तक भुगतान नहीं किया गया, तो करदाताओं को 1% मासिक ब्याज और अनुशासनात्मक पेनल्टी का सामना करना पड़ सकता है।

पिछले वर्षों का टैक्स संग्रहण आंकड़ा (₹ में):

वित्तीय वर्ष होल्डिंग टैक्स ट्रेड लाइसेंस शुल्क
2020-21 25,69,019 3,17,200
2021-22 25,61,713 3,45,960
2022-23 40,56,839 4,61,640
2023-24 61,35,128 5,05,160
2024-25 61,99,225 4,58,000
कुल 2,15,21,924 20,87,960

प्रशासन की अपील

नगर पंचायत प्रशासक दीपक कुमार ने कहा, “नगर के सभी लोग ससमय टैक्स का भुगतान करें। इससे नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×