मॉक ड्रिल: रेडिशन ब्लू होटल में बंधक बनाए लोगों को एटीएस के जवानों ने मुक्त कराया..

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में अगले महीने मार्च के पहले सप्ताह में प्रस्तावित जी-20 शिखर सम्मेलन की बैठक के मद्देनजर तैयारियां जोरों पर हैं। सड़कों के डिवाइडर से लेकर सड़कों के किनारे की दीवारों की भी आकर्षक साज-सज्जा चल रही है। वहीं बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंध रहे इसके लिए लगातार एक्सरसाइज चल रही है। इसी के तहत झारखंड एटीएस ने गुरुवार को होटल रेडिसन ब्लू में मॉक ड्रिल कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। इसी होटल में जी-20 की बैठक प्रस्तावित है, जहां सभी जी-20 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

आधुनिक हथियारों से लैस थी झारखंड एटीएस की कमांडो टीम..
झारखंड एटीएस ने काल्पनिक रूप से बंधक बनाए हुए व्यक्तियों को सकुशल रिहा कराया। इस अभ्यास के मौके पर अत्याधुनिक उपकरणों की भी मौके पर तैनाती की गई थी।

सुरक्षा व विधि व्यवस्था को ले कई दौरों की हो चुकी हैं बैठकें..
जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई दौरों की बैठकें हो चुकी हैं। केंद्रीय टीम के अधिकारी भी लगातार झारखंड में कैंप कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था से लेकर विधि-व्यवस्था और जी-20 देशों के प्रतिनिधियों के लिए ठहरने व घूमने-फिरने वाले स्थानों का भी जायजा ले चुके हैं। झारखंड पुलिस के अंग्रेजी के जानकार अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। उन्हें यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने से लेकर अतिथियों के सत्कार तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।