रांची: कुएं में मिला एएसआई का शव, दो दिनों से थे लापता..

राजधानी रांची के जगन्नाथपुर इलाके स्थित धोबी मोहल्ला में शुक्रवार को कुएं से एक शव बरामद किया गया।शव की पहचान पुलिस मुख्यालय में कार्यरत एएसआई भूतनाथ मंडल के रूप में हुई है। एएसआई भूतनाथ मंडल पिछले दो-तीन दिनों से लापता थे।

बताया जा रहा है कि कुआं के पास से गुजरने वाले कुछ लोगों को लाश दिखी। जिस कुएं में एएसआई का शव मिला है वो उनके घर से महज कुछ ही दूरी पर है। आशंका जताई जा रही है कि पांव फिसल कर कुएं में डूब जाने से उनकी मौत हो गई।

हालांकि, शव मिलने की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं घटनास्थल पहुंची एएसआई भूतनाथ मंडल की पत्नी ने भी शव की पहचान की। घटना के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। हालांकि ये मामला हादसा है या हत्या इस बात की जांच की जा रही है।

दो दिनों से थे लापता थे
बताया जा रहा है कि एएसआई भूतनाथ मंडल पिछले 2 दिनों से लापता थे। जगन्नाथपुर थाने को इसकी सूचना दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।