तीरंदाज कोमोलिका बारी और कोच पूर्णिमा महतो का जमशेदपुर पहुंचने पर हुआ शानदार स्वागत..

जमशेदपुर: तीरंदाजी विश्व कप में मेक्सिको को हराकर भारतीय महिला रिकर्व टीम ने गोल्ड पर कब्जा जमा लिया। इस जीत के बाद भारतीय महिला रिकर्व टीम के खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक में अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया। टीम की सदस्य तीरंदाज दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भगत ने झारखंड सहित दुनिया भर में देश का नाम रौशन किया है। सभी महिला तीरंदाज जमशेदपुर के टाटा आर्चर एकेडमी की खिलाड़ी हैं। इसके साथ ही विश्व कप के लिए भारतीय टीम की कोच पूर्णिमा महतो भी जमशेदपुर की हैं।

बुधवार को विश्वकप तीरंदाजी में स्वर्ण जीतने के बाद तीरंदाज कोमोलिका बारी और कोच पूर्णिमा महतो जमशेदपुर पहुंची। इस दौरान शहर ने उनका जमकर स्वागत किया। झारखंड तीरंदाजी संघ सहित जमशेदपुर आर्चरी एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों ने कोमोलिका बारी और पूर्णिमा महतो के घर पहुंचकर उनका अभिनंदन और सम्मान किया। साथी ही उनके माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी। झारखंड तीरंदाजी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम आर्चरी संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और कोच हरेंद्र सिंह ने एसोसिएशन के पदाधिकारीयों और सदस्यों संग कोच पूर्णिमा महतो और स्वर्ण विजेता कोमोलिका बारी के घर पहुंच कर सम्मानित किया। इस दौरान इन्हें पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कोमोलिका बारी ने शहर द्वारा मिले प्यार और सम्मान के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि विश्वकप में स्वर्ण जीतना रोमांचक अनुभव था लेकिन ओलंपिक में स्वर्ण जीते बगैर लक्ष्य फिलहाल अधूरा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोच पूर्णिमा महतो, टाटा एकेडमी, विश्व की नंबर एक तीरंदाज दीपिका दीदी के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के साथ कठिन लक्ष्य भी आसान हो जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अब ओलंपिक में स्वर्ण जीतने पर है। इस दौरान कोच हरेंद्र सिंह, रवि कुमार, राष्ट्रीय आर्चर प्रयागराज सिंह, पेंटाकोटा हर्षिका, पेंटाकोटा लक्ष्मण, पेंटाकोटा वंदना, के मनीष, घनश्याम बारी और लक्ष्मी बारी सहित अन्य मौजूद रहे।

वहीं झारखंड तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी सम्मानित करते हुए कहा कि उन्हें झारखंड की प्रतिभा पर पूर्ण विश्वास है। विश्वकप तो केवल झांकी है, ओलंपिक के महाविजय अभी बाकी है।