गृहमंत्री अमित शाह आज रांची आएंगे, कल पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में करेंगे अध्यक्षता

रांची। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 09 जुलाई को रांची पहुंचने वाले हैं। वे गुरुवार को राजधानी के रेडिसन ब्लू होटल में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे और इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण मांझी, बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी, साथ ही पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिका भट्टाचार्य भी भाग लेंगे।

रात में पहुंचेंगे अमित शाह

मिली जानकारी के मुताबिक गृहमंत्री अमित शाह रात 8:40 बजे बीएसएफ के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे होटल रेडिसन ब्लू जाएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।

बैठक में 20 एजेंडा पर होगी चर्चा

गुरुवार को होने वाली बैठक में कुल 20 महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें राज्यों से जुड़े सीमा विवाद, कानून-व्यवस्था, बकाया राशि, केंद्रीय अनुदान और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा शामिल है। झारखंड सरकार इस बैठक में केंद्र से बकाया राशि और विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग कर सकती है।

रांची में ट्रैफिक प्लान में बदलाव

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है:

  • 10 जुलाई सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक बिरसा चौक से सुजाता चौक के बीच ऑटो और अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में बड़े मालवाहक वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

  • बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज तक सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

बैठक की तैयारी पूरी

केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव मनोज केजरीवाल ने मंगलवार शाम रेडिसन ब्लू होटल में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×