रांची: झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) चुनाव 2025 में अजय नाथ शाहदेव ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उनके नेतृत्व में ‘द टीम’ ने चुनाव में सभी पदों पर कब्जा करते हुए एकतरफा जीत हासिल की। अब झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन को नया नेतृत्व मिल गया है, हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
चुनाव में अजय नाथ शाहदेव को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि संजय पांडे को उपाध्यक्ष पद मिला है। वहीं, जाने-माने क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने सचिव पद पर जीत दर्ज की है। शाहबाज नदीम को सह सचिव चुना गया है। चारों पदों पर ‘द टीम’ के उम्मीदवारों की जीत ने चुनाव को उनके पक्ष में पूरी तरह से मोड़ दिया।
मतगणना की प्रक्रिया रविवार दोपहर 3 बजे बैलट बॉक्स खोलने के साथ शुरू हुई। शाम 5 बजे तक चलने वाली मतगणना में पहले तीन राउंड की गिनती के बाद ही रुझानों में अजय नाथ शाहदेव ने बढ़त बना ली थी। वहीं, सचिव पद के लिए क्रिकेटर सौरभ तिवारी भी शुरू से ही आगे चल रहे थे।
दूसरी ओर अध्यक्ष पद के लिए अजय नाथ शाहदेव के मुख्य प्रतिद्वंद्वी एसके बेहरा तीन राउंड की गिनती के बाद पीछे रह गए। इससे साफ संकेत मिल गया था कि इस बार JSCA में अजय की टीम की वापसी हो रही है।
चुनाव परिणाम इस प्रकार हैं:
-
अध्यक्ष: अजय नाथ शाहदेव
-
उपाध्यक्ष: संजय पांडे
-
सचिव: सौरभ तिवारी
-
सह सचिव: शाहबाज नदीम
झारखंड क्रिकेट में यह चुनाव अहम माना जा रहा था, क्योंकि इससे राज्य के क्रिकेट प्रशासन की दिशा और दशा तय होगी। अब नई टीम से उम्मीद की जा रही है कि झारखंड क्रिकेट को नए आयाम पर ले जाया जाएगा।