रांची: झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई एयर एंबुलेंस सेवा प्रदेश के गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से अब तक 94 मरीजों को समय पर एयरलिफ्ट कर अन्य राज्यों के प्रमुख अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है। खासतौर पर रांची से 78 मरीजों ने इस सेवा का लाभ उठाया, जबकि अन्य जिलों से 11 लोगों को इस सुविधा के तहत मेडिकल सहायता मिली है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
आम और खास सभी को मिल रही सुविधा
यह सेवा न केवल आम नागरिकों बल्कि सरकारी कर्मचारियों और पुलिस बल के जवानों के लिए भी लाभदायक साबित हुई है। विधानसभा चुनाव के दौरान घायल हुए झारखंड पुलिस बल के जवानों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एयर एंबुलेंस से एयरलिफ्ट किया गया। इससे कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकी।
कैसे बुक करें एयर एंबुलेंस सेवा?
झारखंड में किसी भी व्यक्ति को अगर एयर एंबुलेंस की जरूरत हो तो वह मोबाइल नंबर +91 8210594073 पर कॉल कर बुकिंग कर सकता है। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। राज्य सरकार ने यह सेवा 55,000 रुपये प्रति उड़ान घंटे की दर से उपलब्ध कराई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
एयर एंबुलेंस सेवा की दरें
झारखंड सरकार ने एयर एंबुलेंस सेवा के लिए निम्नलिखित दरें निर्धारित की हैं:
गंतव्य | राशि (लाख रुपए में) |
---|---|
रांची – दिल्ली | 3.3 |
रांची – मुंबई | 4.4 |
रांची – चेन्नई | 3.85 |
रांची – कोलकाता | 1.10 |
रांची – हैदराबाद | 3.02 |
रांची – वाराणसी | 1.37 |
रांची – लखनऊ | 2.20 |
रांची – तिरुपति | 3.85 |
फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सी-90 की सुविधा उपलब्ध
झारखंड सरकार वर्तमान में फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सी-90 के माध्यम से एयर एंबुलेंस सेवा प्रदान कर रही है। इस एयरक्राफ्ट में एक मरीज के साथ दो परिजन सफर कर सकते हैं। इससे मरीजों को तेजी से अन्य राज्यों के बेहतर चिकित्सा केंद्रों में ले जाने की सुविधा मिल रही है। एयर एंबुलेंस सेवा झारखंड के गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों से राज्य के कई मरीजों को समय पर उचित इलाज मिल रहा है। यह सेवा आम और खास दोनों तबके के लिए बेहद फायदेमंद सिद्ध हो रही है।