सूरत के बाद रांची- जमशेदपुर की सड़क को बनाया गया स्टील वेस्टेज से..

रांची – देश में स्टील उत्पादन से निकलने वाले कचरे अर्थात स्लैग का प्रयोग करके अब देश में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। रांची में हाल फिलहाल में इंटर कॉरिडोर फोर लेन सड़क बनाने में स्टील उद्योग से निकले कचरे का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया गया है। वेस्ट मटेरियल माना जाने वाला स्टील स्लैग स्टील इंडस्ट्री के लिए बहुत दिनों से एक मुसीबत बनकर सामने था। देश के केंद्रीय मंत्री सड़क-परिवहन नितिन गडकरी ने इस उत्कृष्ट प्रयोग की खूब प्रशंसा की है। केंद्रीय मंत्री ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा है कि रोड निर्माण में स्टील स्लैग के प्रयोग से लागत में कमी आई है। सड़क मजबूत बनती है और सड़क की मोटाई भी कम हो जाती है। गडकरी के मुताबिक देश में सड़क निर्माण में अब एग्रीगेट के रूप में स्टील स्लैग का उपयोग किया जा रहा है। सूरत (गुजरात) के हजीरा में सिक्स लेन का पायलट प्रोजेक्ट सफल होने के बाद झारखंड में भी इस तकनीक का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया है। रांची-जमशेदपुर इंटर कॉरिडोर में 4-लेन मार्ग निर्माण में स्टील स्लैग का प्रयोग किया गया है। इस सड़क में शहरबेड़ा से महुलिया तक 44 किलोमीटर की दूरी में निर्माण में इस तकनीक का प्रयोग लिया गया है।

स्टील वेस्टेज से बनाई जा रही है सड़के

सीएसआईआर (काउंसिल आफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च) की सहायता से सूरत में स्टील कचरे से बनाई गई पहली सड़क पूरे देश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरी है। सीएसआईआर के अनुसार देश में पारंपरिक सड़कों की तुलना में स्टील की सड़क ज्यादा टिकाऊ और मजबूत पाई जा रही है। यह मानसून के सीजन में होने वाले नुकसान से भी बचा सकती है। रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार देश में स्टील के उत्पादन में बढ़ोत्तरी के कारण स्लैग भी बड़े पैमाने पर निकल रहा है। 2030 तक हर साल 30 करोड़ टन स्टील बनाने का लक्ष्य निश्चित किया गया है, जिसमें हर साल 6 करोड़ टन स्टील स्लैग निकलने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसे नई तकनीक से इस स्टील स्लैग का इस्तेमाल सड़क निर्माण में एग्रीगेट के रूप में किया जा सकता है। बता दे कि बीते 23 मार्च को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी रांची और जमशेदपुर आए थे। उन्होंने रांची में नेशनल हाईवे के रांची प्रक्षेत्र में 21 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जिसका बजट 9400 करोड़ बताया जा रहा था। शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने रांची जमशेदपुर के सड़क विकास की तारीफ की थी।