आईपीएल के बाद रांची में सादगी भरा जीवन जी रहे हैं महेंद्र सिंह धोनी, JSCA स्टेडियम और फार्म हाउस में बिता रहे समय

रांची: आईपीएल 2025 के समापन के बाद भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपने शहर रांची लौट आए हैं और यहां सादगी से भरा जीवन जी रहे हैं। धोनी इन दिनों रांची के धुर्वा स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम में नियमित रूप से देखे जा रहे हैं, जहां वह जिम में वर्कआउट करते हैं और युवा खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें प्रेरित करते हैं।

धोनी का यह व्यवहार न केवल उनके क्रिकेट प्रेम को दर्शाता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि वे आज भी अपने राज्य और युवाओं के विकास को लेकर गंभीर हैं। उनकी मौजूदगी से JSCA स्टेडियम का माहौल जीवंत हो उठा है।

हाल ही में धोनी ने JSCA के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव से भी मुलाकात की। इस मौके पर दोनों के बीच क्रिकेट से जुड़ी कई अहम बातों पर चर्चा हुई। धोनी ने उन्हें उनके नए पद के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खास बात यह है कि धोनी अक्सर खुद अपनी कार या बाइक चलाकर स्टेडियम पहुंचते हैं, जिससे उनकी सादगी और आम जीवन जीने की आदत का साफ झलकता है।

इसके अलावा, धोनी अपने सिमलिया स्थित फार्म हाउस में भी समय बिता रहे हैं। यह फार्म हाउस प्रकृति प्रेम का जीता-जागता उदाहरण है, जहां दूध उत्पादन, मछली पालन, बागवानी और जैविक सब्जियों की खेती की जाती है। धोनी जब भी समय निकाल पाते हैं, वे खुद फार्म की देखरेख करते हैं।

एक स्थानीय प्रशंसक कुशमाही ने बताया, “धोनी लगभग हर दिन JSCA स्टेडियम पहुंचते हैं। मंगलवार को भी उन्होंने स्टेडियम का दौरा किया और प्रेसिडेंट अजय नाथ शाहदेव से मुलाकात की।”

महेंद्र सिंह धोनी का यह सादगीपूर्ण और अनुशासित जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वह भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हो गए हों, लेकिन मैदान और समाज दोनों से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×