Headlines

आज से खुलेंगे पंडालों के पट, माता के होंगे दर्शन..

रांची : राजधानी रांची दुर्गोत्सव के रंग में रंग चुका है। 350 से अधिक पूजा पंडालों में मां जगदंबा पधार चुकी हैं। आज शाम को बेलवरण अनुष्ठान के बाद शहर के सभी दुर्गापूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जायेंगे। वहीं, भक्तों की भीड़ भी पंडालों और मां शक्ति के दर्शन के लिए निकलेगी। रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक अशोक चौधरी, संयोजक मुनचुन राय और अध्यक्ष अशोक पुरोहित ने बताया कि सभी पूजा पंडालों में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को मास्क के बिना पंडाल परिसर में आने की अनुमति नहीं मिलेगी।

उन्हाेंने कहा कि जहां पारंपरिक रूप से पूजा हाेती है, वहां प्रतिमा का विसर्जन 15 अक्टूबर को होगा। वहीं, 16 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन सादगीपूर्ण तरीके से कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, पुलिस-प्रशासन की टीम सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए सोमवार सुबह से ही पूजा पंडालों में तैनात हो जाएगी।

हरमू पंच मंदिर, बकरी बाजार, सत्य अमर लोग, आरआर स्पोर्टिंग क्लब, ज्याेति संगम सहित अन्य पूजा पंडालों में सेनिटाइजर स्टैंड लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु अपने हाथ को सेनिटाइज कर सकें। इधर, पूजा के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची जिला प्रशासन ने 250 से अधिक मजिस्ट्रेट और 1000 से अधिक पुलिसबलों को तैनात किया है। पूरे जिले में दो हजार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए 36 स्थानों ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इससे पहले रविवार को ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का पट खोल दिया गया है। वहीं हरमू पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का पट मंगलवार को खुलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×