जेएमएम का 48 वां स्थापना दिवस आज, समारोह में सीएम नहीं होंगे शामिल..

आज गिरिडीह के झंडा मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम ) का 48 वां स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस समारोह की सभी तैयारियां जोर -शोर से चल रही है | साथ ही , मंच को भी आकर्षक तरह से सजाया गया है। आपको बता दें कि झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आएंगे। इसके अलावा धनबाद जिले के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, गिरिडीह विधायक सुदव्य कुमार, गांडेय विधायक सरफराज अहमद, टुंडी विधायक मथुरा महतो सहित कई पूर्व विधायक इस समारोह में मौजूद रहेंगे। झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। उनके समारोह में नहीं आने को लेकर जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि विधानसभा सत्र के चलते सीएम और कई मंत्री कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाएंगे। कार्यक्रम में गिरिडीह जिले के सभी 13 प्रखंडों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही झंडा मैदान में आने वाले सभी मार्गों में तोरण द्वार और आवास स्थापित किए गए हैं। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शहर में आने वाले सभी मार्गों पर पार्टी के शहीद नेताओं के नाम पर तोरण द्वार बनाए गए हैं।

जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के मद्देनज़र कार्यक्रम में सावधानी बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। वहीं ,हर साल झंडे मैदान में हजारों कार्यकर्ता इकट्ठा होते थे, लेकिन इस साल कोविड -19 के कारण, कम लोग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए झंडे मैदान के मुख्य द्वार पर सैनिटाइज़र की व्यवस्था की गई है। यदि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के आते हैं तो उन्हें गेट पर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही,मुख्य द्वार पर एक थर्मल स्कैनर की भी व्यवस्था की गई है जिससे तापमान की जांच के बाद ही कार्यकर्ताओं को मैदान के अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *